लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 दिसम्बर 2025 भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया के तहत उत्तर प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। पंकज चौधरी को सर्वसम्मति से उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया है। उनके नाम की औपचारिक घोषणा केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल ने की।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में 13 दिसंबर 2024 को संगठन पर्व के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन की संवैधानिक प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी का एकमात्र नामांकन पत्र दाखिल हुआ। जांच एवं समीक्षा के उपरांत नामांकन सही पाए जाने पर उन्हें निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
घोषणा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश के वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने पंकज चौधरी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पंकज चौधरी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी आगामी चुनौतियों के लिए पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और पार्टी की विचारधारा को मजबूती देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पंकज चौधरी का कार्यकाल सत्र 2024-2027 तक रहेगा। उनके चयन से प्रदेश भाजपा संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता देखने को मिल रही है।
