‘धुरंधर’ की बॉक्स ऑफिस पर बल्ले-बल्ले, दूसरे दिन फिल्म ने कितने कमाए पैसे

रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन, अक्षय खन्ना और संजय दत्त जैसे दमदार कलाकारों से सजी फिल्म ‘धुरंधर’ इस समय बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है। रिलीज के साथ ही फिल्म ने उम्मीदों से कहीं ज्यादा कमाई कर नया इतिहास रच दिया है। वीकेंड की शुरुआत में मिली शानदार ओपनिंग के बाद फिल्म दूसरे दिन भी जोश के साथ आगे बढ़ रही है। फिल्म की रिलीज से पहले कहा जा रहा था कि इसका पहला दिन 18-20 करोड़ के आसपास रहेगा, लेकिन ‘धुरंधर’ ने इन सभी अनुमानों को पीछे छोड़ते हुए एक दमदार शुरुआत की। पहले दिन जहां फिल्म ने लगभग 27 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, वहीं दूसरे दिन का आंकड़ा भी काफी मजबूत रहा। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक शनिवार को फिल्म ने 17.92 करोड़ रुपये की कमाई की। यानी कुल मिलाकर दो दिन में ‘धुरंधर’ की कमाई 44.92 करोड़ रुपये हो चुकी है, जो इस साल की किसी भी बड़ी फिल्मों के शुरुआती आंकड़ों को चुनौती देती है।