लखनऊ:यूपी सरकार की बड़ी कार्रवाई,अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक एस.एन.पांडेय सहित कई अधिकारी निलंबित।

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 नवंबर 2025 उत्तर प्रदेश राज्य सरकार ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में गंभीर अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए संयुक्त निदेशक शेष नाथ पांडेय (एस.एन. पांडेय) सहित कई अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

संयुक्त निदेशक एस.एन. पांडेय निलंबित

सूत्रों के अनुसार विभागीय जांच में पाया गया कि मदरसों से संबंधित वित्तीय अनियमितताओं और वेतन भुगतान गड़बड़ियों में संयुक्त निदेशक की लापरवाही और भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसी आधार पर उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

आजमगढ़ के तत्कालीन DMO साहित्य निकष सिंह पर गिरी गाज

आजमगढ़ में मदरसा शिक्षा से जुड़े मामलों की जांच में गंभीर अनियमितताएँ सामने आई थीं। जांच रिपोर्ट में लापरवाही और नियमों के विपरीत कार्य करने के आरोप साबित होने पर तत्कालीन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी (DMO) साहित्य निकष सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है।

दो और अधिकारी—लालमन और प्रभात कुमार निलंबित

जांच में यह भी सामने आया कि विभाग के अधिकारी लालमन और प्रभात कुमार ने मदरसा शिक्षकों के वेतन और दस्तावेजीकरण से जुड़े मामलों में लापरवाही बरती तथा महत्वपूर्ण अभिलेखों को सही ढंग से सत्यापित नहीं किया। दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें भी निलंबित किया गया है।

ब्रिटेन में बसे मदरसा शिक्षक को वर्षों से ‘फ्री में’ सैलरी जारी

सबसे चौंकाने वाला खुलासा ब्रिटेन में बसे आजमगढ़ के एक मदरसा शिक्षक शमशुल हुदा खां से जुड़ा है।

जांच में सामने आया कि वह वर्षों से विदेश में रह रहे थे, लेकिन विभागीय मिलीभगत के कारण उनके नाम पर लगातार वेतन जारी होता रहा। इसे विभाग की सबसे बड़ी वित्तीय अनियमितता माना जा रहा है।

सरकार सख्त, और कार्रवाई की तैयारी

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।