प्रयागराज:मण्डलायुक्त ने मण्डल के जनपदों में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रगति की समीक्षा की

मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने शनिवार को संगम सभागार में ऑनलाइन माध्यम से मण्डल के जनपदों में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण(एसआईआर) कार्यक्रम के प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जनपद प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़ एवं फतेहपुर के सभी चुनाव पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) से सम्बंधित क्षेत्रों में एसआईआर कार्यक्रम के तहत कितने फार्म वितरित किए गए तथा वितरण के सापेक्ष कितने फार्मों का संग्रह किया गया तथा कितने फार्मों को डिजिटाइज किया गया, की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए है। उन्होंने धीमी प्रगति वाले ईआरओ को कार्य की गति में तेजी लाये जाने एवं प्रतिदिन फार्मों के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन के कार्य का लक्ष्य निर्धारित करते हुए लक्ष्य के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के कार्य को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए बीएलओ के साथ अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी लगाकर कार्य को निर्धारित समयान्तर्गत पूर्ण करायें। उन्होंने सभी अधिकारियों को सचेत किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरते। उन्होंने सभी ईआरओ को बीएलओ के घर-घर सम्पर्क अभियान बढ़ाये जाने एवं उनके माध्यम से गणना प्रपत्रों का संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से कराये जाने के निर्देश दिए है। मण्डलायुक्त ने फार्म जमा करने और ऑनलाइन प्रविष्टियों (डिजिटाइजेशन) की संख्या में संतुलन बनाये रखने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि फार्म के संग्रहण के साथ-साथ उनका डिजिटाइजेशन भी होता रहे, इसके लिए यदि आवश्यकता हो, तो बीएलओ की सहायता के लिए अन्य कर्मचारियों को भी लगाया जाये। उन्होंने पर्यवेक्षक अधिकारियों को एसआईआर की प्रतिदिन समीक्षा और निरीक्षण कर कार्य में प्रगति सुनिश्चित करने एवं प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।

बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने जनपद प्रयागराज में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रगति की अद्यतन स्थिति के बारे में मण्डलायुक्त को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जनपद प्रयागराज में एसआईआर के कार्य में और तेजी लाये जाने हेतु कल दिनांक 23 नवम्बर, 2025 को विशेष अभियान चलाया जायेगा, जिसमें प्रातः 10ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ पर उपस्थित रहेंगे। उनके सहयोग के लिए अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी रहेंगे, जो कि फार्मों के संग्रहण एवं अन्य कार्यों में सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी को भी फार्म भरने में कोई परेशानी है, तो वह कल अपने बूथ पर जाकर अपना फार्म भरवाकर जमा कर सकता है।

इस अवसर पर अपर आयुक्त श्रीमती रत्नप्रिया, अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती पूजा मिश्रा सहित अन्य जनपदों के सम्बंधित अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।

द दस्तक 24
प्रभारी पत्रकार तहसील कोरांव प्रयागराज उमाशंकर कुशवाहा 7571974858