रायबरेली पुलिस ने ओवरलोड ट्रक माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध वसूली के खेल का खुलासा किया है। डीह थाना पुलिस ने एआरटीओ प्रवर्तन और पीटीओ के दो ड्राइवरों सुशील कुमार और नौशाद अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जांच में पता चला कि ये दोनों ड्राइवर अपने अधिकारियों की लोकेशन को दलालों के साथ साझा करते थे, ताकि ओवरलोड ट्रक चेकिंग से बच सकें। बदले में दलाल प्रति ट्रक 5500 रुपये की अवैध वसूली करते थे। यह रैकेट लंबे समय से चल रहा था। पुलिस ने इस मामले में 18 नामजद और 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी दलालों में मुख्य रूप से ट्रक ऑपरेटर और कुछ परिवहन विभाग से जुड़े लोग शामिल हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने भी इसी तरह की शिकायत पर एआरटीओ प्रवर्तन अंबुज शुक्ला, पीटीओ रेहाना बानो और उनके ड्राइवरों के खिलाफ लालगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
रायबरेली पुलिस की यह कार्रवाई एसटीएफ के बाद ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
रायबरेली में ओवरलोड ट्रकों की अवैध वसूली का भंडाफोड़
