शिवगढ़ । शनिवार की देर शाम भवानीगढ़-बहुदा कला सम्पर्क मार्ग पर बेड़ारु गांव के पास एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, पिकअप में करीब दो दर्जन श्रमिक सवार थे जो लखनऊ से मजदूरी कर वापस घर लौट रहे थे। बेड़ारु गौशाला के आगे गांव की तरफ स्थित मोड़ पर वाहन पलटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस व पुलिस वाहन से सीएचसी शिवगढ़ पहुंचाया। घायलों में रामशंकर (45) पुत्र रामखेलावन निवासी बेड़ारु, राजू (48) पुत्र मेवालाल, अनिल कुमार (45) पुत्र रामदयाल, रमेश (35) पुत्र लल्लू, धर्मराज पुत्र बाबादीन निवासी अम्बेडकरनगर देहली, व रामनंद पुत्र रामचरन शामिल हैं। वहीं मंशाराम (40) पुत्र रामखेलावन व सूरज (25) पुत्र मंशाराम निवासी चितवनियां को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रेमशरण ने बताया कि छह घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जिनमें रामशंकर की हालत गम्भीर थी। एम्स रायबरेली के चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवगढ़ थाना प्रभारी विन्ध्य विनय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रायबरेली : सड़क दुघर्टना में पिक अप पलटने से 6 लोग घायल एक की हुई दर्दनाक मौत
