भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री का कहना है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली का वनडे भविश्य अनिश्चित है। शास्त्री ने कहा कि ऑस्ट्रलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज महत्वपूर्ण होगी क्योंकि इससे यह तय होगा कि ये दोनों बल्लेबाज 2027 वनडे विश्व कप तक खेलना जारी रख पाएंगे या नहीं। शास्त्री ने रोहित-कोहली के अनुभव पर जोर दिया, लेकिन साथ ही कहा कि फॉर्म, फिटनेस और जज्बा महत्वपूर्ण कारक होंगे।
शास्त्री ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज रोहित और कोहली के लिए बेंचमार्क का काम करेगी। रोहित और कोहली को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 अक्तूबर से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इस सीरीज में रोहित की जगह शुभमन गिल कमान संभालेंगे। शास्त्री ने कहा, इसीलिए वे यहां (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में खेल रहे हैं)। वे इस टीम टीम संयोजन का हिस्सा हैं। यह उनकी फिटनेस, जज्बे और जाहिर है फॉर्म पर निर्भर करता है। मुझे लगता है कि उनके प्रदर्शन के आकलन के लिए यह सीरीज बहुत महत्वपूर्ण है। इस सीरीज के आखिर में उन्हें खुद भी पता चल जाएगा कि वे कैसा महसूस कर रहे हैं और फिर फैसला उनका होगा।
