भारत और वेस्टइंडीज के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान एक विवादास्पद घटना ने सबका ध्यान खींच लिया. वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडेन सील्स को भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की ओर गुस्से में गेंद फेंकना महंगा पड़ गया. आईसीसी ने सील्स को लेवल-1 आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया है और उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है. इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ दिया गया है. यह घटना भारत की पहली पारी के 29वें ओवर की है. सील्स गेंदबाजी कर रहे थे, तभी एक डिलीवरी के बाद उन्होंने गेंद को सीधा यशस्वी जायसवाल की ओर फेंक दिया. गेंद जाकर जायसवाल के पैड पर लगी, हालांकि बल्लेबाज ने किसी तरह की प्रतिक्रिया नही दी, लेकिन मैदान पर मौजूद अंपायरों ने तुरंत इस घटना को नोटिस कर लिया और इसकी रिपोर्ट मैच रेफरी एंडी पाइकॉफ्ट को दी.
आईसीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, सील्स ने आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन किया है. इस नियम के मुताबिक खिलाड़ी की ओर या उसके पास अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद या किसी अन्य उपकरण को फेंकना गलत है.
