सहवाग ने टेस्ट को किया पुनर्जीवित किया,’ दिग्गज क्रिकेटर ने दिया बयान

वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर विवियन रिच‌र्ड्स नई दिल्ली के अरुण जेटली में खेले जा रहे भारत और वेस्टइंडीज मुकाबले को देखने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वीरेंद्र सहवाग मेरे बराबर थे। आगे उन्होंने कहा कि सहवाग ने आक्रामक बल्लेबाजी कर टेस्ट को पुनर्जीवित किया।

टेस्ट के दौरान स्टेडियम को लगभग भरा हुआ देखकर उनको बहुत खुशी हुई। वहीं, महान बल्लेबाज ब्रायन लारा के चेहरे पर भारत द्वारा वेस्टइंडीज पर शिकंजा कसने के बाद निराशा साफ देखी जा सकती थी लेकिन उन्होंने दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद मेहमान टीम के ड्रेसिंग रूम का दौरा कर कोच और कप्तान से बातचीत की। 56 वर्षीय लारा मिशन इंडिया अभियान के तहत विवियन रिच‌र्ड्स के साथ यहां हैं। वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे क्रिकेट वेस्टइंडीज को कुछ अतिरिक्त धनराशि दिलाने में मदद करने की कोशिश कर रहे हैं जिससे उन्हें इस टीम के लंबे प्रारूप के खेल के जर्जर ढांचे को पुनर्जीवित करने में मदद मिलेगी।

इस घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि ब्रायन लारा दिन का खेल खत्म होने के बाद वेस्टइंडीज के ड्रेसिंग रूम में गए। उन्होंने खिलाड़ियों को कोई सामान्य संबोधन नहीं दिया, बल्कि कोच डैरेन सैमी, कप्तान रोस्टन चेज और कुछ खिलाड़ियों से अलग-अलग बात की। वह वहां लगभग 20 मिनट तक थे।