ऊधम सिंह नगर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अक्टूबर 2025 गदरपुर क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 इस्लामनगर की निवासी मुस्कान पत्नी फईम हॉल ने थाना गदरपुर में एक लिखित प्रार्थना पत्र देकर अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रार्थिनी मुस्कान ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि उसका पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता है और जान से मारने की धमकी देता है। इतना ही नहीं, उसने अपनी पुत्री के फोटो को अन्य महिलाओं के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति गौकशी के कार्य में भी लिप्त है और दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध रखता है। इन सब कारणों से वह आए दिन तलाक देने की धमकी देता है। प्रार्थिनी के अनुसार, उसने इस संबंध में कई बार थाना गदरपुर में शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
मुस्कान का कहना है कि जब उसने अपने ऊपर हो रहे अत्याचारों को सोशल मीडिया पर उजागर किया, तो थाने से उसी पर कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। महिला ने पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए अपने पति व उसके परिवार के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति अन्य युवतियों को भी अपने जाल में फंसा कर गायब कर देता है। महिला की शिकायत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों में पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी हुई है।
