फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अक्टूबर 2025 भगवान बुद्ध की पावन धरती संकिसा में आज भव्य बुद्ध संकिसा महोत्सव का शुभारंभ अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने किया। उन्होंने भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर और पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में जिले सहित विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में आए बुद्ध अनुयायियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की उपस्थिति रही। विधायक सुशील शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि—“बुद्ध महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह शांति, करुणा और समर्पण का प्रतीक पर्व है। यह हमें मानवता और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है।”
उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध के उपदेश आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने 2500 वर्ष पूर्व थे। समाज में समरसता, सद्भाव और अहिंसा का मार्ग ही सच्चे विकास का आधार है।
महोत्सव के दौरान बौद्ध भिक्षुओं द्वारा मंत्रोच्चारण और ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ हस्तशिल्प, पुस्तकों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन व स्थानीय जनता की भारी भीड़ उमड़ी रही। माहौल पूर्णतः धार्मिक और शांतिपूर्ण रहा।
