इटावा:कालका एक्सप्रेस के इंजन से फर्जी लोको पायलट गिरफ्तार, लाल-हरी झंडी और लॉग बुक भी बरामद

इटावा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अक्टूबर 2025 जनपद के रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया जब कालका एक्सप्रेस के इंजन से एक फर्जी लोको पायलट पकड़ा गया। युवक लोको पायलट की वर्दी पहने, गले में नकली रेलवे आईडी कार्ड टांगे और हाथ में लाल-हरी झंडी लेकर इंजन में असली ड्राइवर की तरह बैठा था।

जानकारी के मुताबिक कालका एक्सप्रेस रवाना होने से पहले जब असली लोको पायलट ने इंजन का निरीक्षण किया, तो उसे युवक की हरकतों पर शक हुआ। गहराई से पूछताछ करने पर उसकी ‘नौकरी का नाटक’ खुल गया। युवक के पास से लाल-हरी झंडी और रेलवे की लॉग बुक भी बरामद की गई, जिससे वह खुद को पूरी तरह असली लोको पायलट साबित करने की कोशिश कर रहा था।

रेलवे अधिकारियों ने तुरंत जीआरपी और आरपीएफ को सूचना दी। जांच में सामने आया कि युवक का रेलवे से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी कर पूछताछ की जा रही है कि उसने यह खतरनाक खेल क्यों और किस मकसद से किया।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अगर समय रहते असली लोको पायलट सतर्क न होता, तो यह घटना किसी बड़े हादसे में भी बदल सकती थी। सुरक्षा एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि युवक अकेला था या इसके पीछे कोई और नेटवर्क भी काम कर रहा है।