नई दिल्ली:4 अक्टूबर से बदलेगा चेक क्लियरिंग सिस्टम, घंटों में होगा क्लियर

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अक्टूबर 2025 बैंक में चेक जमा करने के बाद दो-दो दिन तक पैसे आने का इंतज़ार करने वाले ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने बड़ा बदलाव करते हुए नया नियम लागू कर दिया है। इसके तहत 4 अक्टूबर 2025 से चेक क्लियरिंग की प्रक्रिया पूरी तरह बदल जाएगी।

अब चेक क्लियरिंग में नहीं लगेगा 2 दिन

पहले बैंक में चेक जमा करने के बाद उसे क्लियर होने में 24 से 48 घंटे का समय लगता था। लेकिन अब यह इंतज़ार खत्म हो जाएगा। RBI के नए नियम के अनुसार, जैसे ही ग्राहक चेक बैंक में जमा करेगा, उसकी स्कैन कॉपी सीधे क्लियरिंग हाउस और फिर पेमेंट करने वाले बैंक को भेज दी जाएगी।

कुछ ही घंटों में मिल जाएगा पैसा

नए सिस्टम के तहत जिस बैंक से पेमेंट होनी है, उसे तय समय सीमा के अंदर चेक को पास या रिजेक्ट करना होगा। इसका मतलब है कि पहले जहां चेक क्लियर होने में दो दिन तक लगते थे, वहीं अब यह प्रक्रिया सिर्फ कुछ घंटों में पूरी हो जाएगी।

ग्राहकों को होगी बड़ी राहत

इस बदलाव से करोड़ों बैंक ग्राहकों को फायदा होगा। खासकर व्यापारियों और रोज़मर्रा के लेन-देन करने वालों के लिए यह सिस्टम बेहद उपयोगी साबित होगा। चेक क्लीयरिंग का समय घटने से पैसे का प्रवाह तेज होगा और लेन-देन की पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

RBI का डिजिटल सुधार की ओर कदम

RBI का कहना है कि यह कदम बैंकिंग सिस्टम को और अधिक तेज़, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में उठाया गया है। डिजिटल इंडिया अभियान के तहत अब पेमेंट और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित हो जाएंगे।