आगरा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अक्टूबर 2025 पुलिसकर्मियों से जुड़ी भ्रष्टाचार की शिकायतों पर अब सीधे कार्रवाई होगी। पुलिस कमिश्नर आगरा श्री दीपक कुमार ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 7839860813 जारी किया है।
यह हेल्पलाइन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात्रि 08 बजे तक सक्रिय रहेगी। यदि कोई पुलिसकर्मी किसी भी मामले में अनुचित धन या रिश्वत की मांग करता है तो पीड़ित इस नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकता है।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि शिकायतकर्ता की पहचान को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक एवं वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
इस पहल को आमजन में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत संदेश माना जा रहा है। हेल्पलाइन के जरिए नागरिक अब बिना भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
