फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 सितंबर 2025 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने चेतावनी दी है कि यदि 5 अक्टूबर तक जिला प्रशासन किसानों से लिंक एक्सप्रेसवे और बांध से संबंधित मुद्दों पर वार्ता नहीं करता है तो 6 अक्टूबर से कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। यह निर्णय रविवार को आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में 22 सितंबर को हुई महापंचायत की सफलता और उसमें उठाए गए मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 6 अक्टूबर को किसानों के मसीहा बाबा महेंद्र सिंह टिकैत जी का जन्मदिवस पूरे सम्मान और धूमधाम के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी दिन से किसान अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि 22 सितंबर को महापंचायत में जिला प्रशासन को जो ज्ञापन सौंपा गया था, उस पर तत्काल समाधान का आश्वासन दिया गया था। लेकिन अब तक न तो किसानों से वार्ता की गई और न ही समस्याओं का निस्तारण हुआ। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसानों के धैर्य की परीक्षा अब और नहीं होगी, यदि समय रहते वार्ता नहीं हुई तो आंदोलन अवश्य होगा।
उन्होंने आगे कहा कि बाढ़ पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए बनाए गए पोर्टल को प्रशासन ने बंद कर दिया है, जिससे बड़ी संख्या में किसान अपने नुकसान का डाटा फीड नहीं करा पाए हैं। ऐसे में उनका हक छिनने का खतरा है। भाकियू ने मांग की कि पोर्टल को तत्काल दोबारा शुरू किया जाए और सभी वंचित किसानों का डाटा फीड कराया जाए ताकि उन्हें मुआवजा मिल सके।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 6 अक्टूबर से कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा और किसानों की समस्याओं के समाधान तक यह जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, जिला महासचिव अभय यादव, जिला प्रचार मंत्री राजेश गंगवार, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, अजयपाल यादव, सदर तहसील अध्यक्ष रामप्रकाश पाल, अशोक शाक्य, प्रधान अनुज राजपूत, ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मदाबाद राजीव उर्फ बड़े यादव, ब्लॉक अध्यक्ष बढ़पुर शिवराम शाक्य, ब्लॉक अध्यक्ष कमालगंज पवन जोशी, ब्लॉक अध्यक्ष नवाबगंज अंकेश गंगवार, अजीत सिंह सोमवंशी, संजय कुमार, सुनील यादव, राघवेंद्र सिंह, शमसाबाद ब्लॉक प्रचार मंत्री सुलभ गंगवार, आर्यांश गंगवार, हेमंत शाक्य सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
भाकियू के इस ऐलान से साफ है कि आने वाले दिनों में जनपद में किसानों का आंदोलन बड़ा रूप ले सकता है और जिला प्रशासन पर दबाव और बढ़ेगा।
