Asia Cup: एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग पर अड़ा पाकिस्तान, टूर्नामेंट से हटने की दी धमकी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) मैच रेफरी एंड पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग पर अड़ा हुआ है और अब उसने एशिया कप से हटने की धमकी भी दे डाली है। पीसीबी ने आचार संहिता की देखरेख करने वाले रेफरी पर ही गंभीर आरोप लगाए और उन्हें टूर्नामेंट से हटाने की मांग की है। पीसीबी ने सोमवार को मैच रैफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर भारत के खिलाफ एशिया कप मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उन्हें टूर्नामेंट से तुरंत हटाने की मांग की है।

भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को दुबई में एशिया कप का मुकाबला खेला गया था। भारत ने इस मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया। जीत दर्ज करने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाए थे और वे सीधे ड्रेसिंग रूम चले गए थे। पाकिस्तान इससे चिढ़ गया और उसने एशिया क्रिकेट परिषद (एसीसी) से शिकायत की। पीसीबी ने आरोप लगाए थे कि पायक्रॉफ्ट ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से टॉस के समय कहा था कि भारतीय कप्तान से हाथ नहीं मिलाए। पाकिस्तानी टीम के मैनेजर नवीद चीमा ने एसीसी के समक्ष शिकायत दर्ज करके आरोप लगाया है कि पायक्रॉफ्ट के कहने पर दोनों कप्तानों ने टीमशीट का आदान प्रदान नहीं किया।