फर्रुखाबाद: उधारी के पैसे मांगना चाय दुकानदार को पड़ा भारी, दबंगों ने की पिटाई

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 सितम्बर 2025 थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के बीबीगंज बाजार में एक चाय दुकानदार को उधारी के पैसे मांगना महंगा पड़ गया। घटना बुधवार रात करीब 7:50 बजे शीश महल मस्जिद बीबीगंज के पास हुई, जहां कुछ युवकों ने दुकानदार से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित सोहेल पुत्र मोहम्मद सगीर, निवासी दीवान मुबारक दक्षिण, बीबीगंज बाजार में चाय का होटल चलाते हैं। बुधवार शाम को अर्पित गुप्ता पुत्र दिलीप गुप्ता ने दुकान से चाय मंगवाई। जब दुकानदार ने चाय के पैसे मांगे तो विवाद शुरू हो गया।आरोप है कि अर्पित गुप्ता के साथ प्रदीप गुप्ता पुत्र रमेश व अंशु गुप्ता ने मिलकर दुकानदार के साथ गाली-गलौज की और उसके बाद लात-घूसों से बुरी तरह पिटाई कर दी। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित को बचाया।

घटना की शिकायत थाना मऊदरवाजा में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बीबीगंज बाजार में हुई इस घटना से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में रोष है। लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।