गुड़गांव:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 सितम्बर 2025 देश की सबसे महंगी और हाई-प्रोफाइल जगहों में शुमार गुड़गांव की गोल्फ कोर्स रोड इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। कारण – यहां की चमचमाती इमारतें नहीं, बल्कि जलभराव से नदी जैसी दिखने वाली सड़कें।
गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित DLF कैमेलियास जैसी लग्ज़री सोसाइटियां दुनिया भर में जानी जाती हैं। यहां एक फ्लैट की कीमत 100 करोड़ रुपये तक पहुंचती है। इस इलाके को भारत का “अल्ट्रा रिच जोन” कहा जाता है, जहां देश-दुनिया के नामी बिज़नेसमैन, उद्योगपति और दिग्गज हस्तियां रहती हैं। लेकिन इतनी महंगी लोकेशन होने के बावजूद यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर पानी-पानी है।
बारिश के बाद सड़कें नालों की तरह बहती नजर आईं। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और वीडियोज़ में साफ देखा जा सकता है कि लग्ज़री कारें तक पानी में फंस गईं। लोगों ने सवाल उठाया कि जब देश की सबसे महंगी रियल एस्टेट बेल्ट का हाल यह है, तो बाकी शहरों की स्थिति कैसी होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम और प्रशासन सिर्फ टाउनशिप और बिल्डिंग परमिशन पर ध्यान देता है, लेकिन ड्रेनेज सिस्टम की सुध नहीं ली जाती। नतीजा यह है कि थोड़ी सी भी तेज बारिश होते ही गोल्फ कोर्स रोड झील में तब्दील हो जाती है। शहर योजनाकारों और नागरिकों का मानना है कि यह समस्या केवल सौंदर्य और सुविधा की नहीं, बल्कि सुरक्षा की भी है। पानी भरने से न केवल ट्रैफिक जाम और हादसे का खतरा बढ़ता है, बल्कि इससे इलाके की साख पर भी सवाल खड़े होते हैं।
गुड़गांव जैसे आधुनिक और कॉरपोरेट हब में ऐसी स्थिति निश्चित तौर पर सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर अरबों की प्रॉपर्टी और टैक्स राजस्व का फायदा जनता को क्यों नहीं मिल पा रहा।
सवाल साफ है – क्या गुड़गांव की चमक-दमक केवल कांच की इमारतों तक ही सीमित है, या प्रशासन शहर के बुनियादी ढांचे पर भी ध्यान देगा?
