हरदोई पुलिस हिरासत में युवक की मौत, जांच में जुटे अधिकारी

हरदोई:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अगस्त 2025 जनपद से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रवि पुत्र रामराज्य राजपूत, निवासी अहमदनगर के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने रवि को एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में हिरासत में लिया था। शिकायतकर्ता ने अपनी 16 वर्षीय पुत्री को लेकर मामला दर्ज कराया था।हिरासत के दौरान रवि द्वारा थाने के अंदर फांसी लगा लेने की बात सामने आ रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शाम करीब 7:50 बजे रवि को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्साधिकारी डॉ. विक्रम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने मृतक का शव अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, एएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गए हैं। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।