टीवी एक्ट्रेस सुमोना चक्रवर्ती साउथ बॉम्बे में एक डरा देने वाले हादसे का शिकार हो गईं. इस बारे में खुद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके बताया है. सुमोना ने खुलासा किया है कि उनकी गाड़ी को मराठा कोटा को लेकर प्रोटेस्ट कर रहे लोगों ने घेर लिया था. इस हादसे से वो बुरी तरह घबरा गई हैं. सुमोना के मुताबिक अब उन्हें साउथ बॉम्बे बिल्कुल सेफ नहीं लगता है.
सुमोना चक्रवर्ती ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा- ‘आज दोपहर 12:30 बजे मैं कोलाबा से फोर्ट जा रही थी और अचानक- मेरी कार एक भीड़ ने रोक ली. नारंगी रंग का स्टोल पहने एक आदमी मेरे कार की बोनट पर जोर से मार रहा था, मुस्कुरा रहा था. अपना निकला हुआ पेट मेरी कार से सटा रहा था. मेरे सामने ऐसे झूम रहा था जैसे कोई बेतुकी बात साबित कर रहा हो.’
एक्ट्रेस ने आगे लिखा- ‘उसके दोस्त मेरी खिड़कियों पर जोर से पीट रहे थे, जय महाराष्ट्र! चिल्ला रहे थे और हंस रहे थे. हम थोड़ा आगे बढ़े और फिर वही बात दोहराई गई, पांच मिनट में दो बार. कोई पुलिस नहीं. (जिन्हें हमने बाद में देखा, वो बस बैठे, बातें कर रहे, लटके हुए थे). कोई कानून-व्यवस्था नहीं. सिर्फ मैं, अपनी कार में, दिन के उजाले में, साउथ बॉम्बे में असुरक्षित महसूस कर रही थी. और सड़कें? केले के छिलकों, प्लास्टिक की बोतलों, गंदगी से अटी पड़ी. फुटपाथों पर कब्जा कर लिया गया.’
