कैलाश के ‘भारतीय सेना’ को 24 घंटे में मिले इतने व्यूज, गाने में अमित शाह-राजनाथ सिंह की भी आवाज

भारतीय संगीत जगत में अपनी अनोखी आवाज और देशभक्ति से भरे गीतों के लिए मशहूर गायक पद्मश्री कैलाश खेर का एक और गाना आया है जो दर्शकों को पसंद आ रहा है। भारतीय सेना के शौर्य और ताकत को दिखाते इस गीत में कैलाश अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आ रहे हैं। भारतीय थलसेना, वायुसेना और नौसेना के शौर्य को समर्पित एक खास एंथम तैयार किया है। कैलाश खेर के इस नए एंथम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पहली बार रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह की आवाज सुनाई देगी। इस गीत को कैलाश खेर ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लॉन्च किया, जिसका शुभारंभ खुद रक्षामंत्री ने किया। कैलाश खेर के इस गाने को 24 घंटे में यूट्यूब पर करीब 30,000 व्यूज मिले हैं। फैंस को उनका ये गाना पसंद आ रहा है। कई लोगों ने इसे भारतीय सेना को सच्ची श्रद्धांजलि बताया, तो वहीं संगीत प्रेमियों ने कैलाश खेर की आवाज की सराहना की। कैलाश खेर ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें इस एंथम का विचार उस समय आया जब वह फरवरी में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिले थे। बातचीत के दौरान राजनाथ सिंह ने उनसे भारतीय सेनाओं पर एक गीत रचने का आग्रह किया। इसी प्रेरणा ने खेर को तीनों सेनाओं की वीरता और गौरव को जोड़ते हुए यह गीत बनाने के लिए प्रेरित किया।