लखनऊ:डीजीपी राजीव कृष्ण ने शहीद पुलिसकर्मियों को नमन, परिजनों को ₹19.90 करोड़ की आर्थिक सहायता

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने आज राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद पुलिसकर्मियों को कोटिशः नमन किया। उन्होंने ड्यूटी के दौरान अंगभंग होकर दिव्यांग हुए पुलिसकर्मियों की जीवटता और कर्तव्यनिष्ठा का हृदय से वंदन करते हुए कहा कि— “हमारे निडर, साहसी और बलिदानी साथियों का त्याग हम सबके लिए प्रेरणा का दीपस्तंभ है। हर शहीद का परिवार सुरक्षित, सम्मानित और समर्थ रहेगा, इस हेतु उत्तर प्रदेश पुलिस संकल्पित है।”

12 शहीद परिजनों और 2 दिव्यांग साथियों को ₹19.90 करोड़ की मदद

डीजीपी ने जानकारी दी कि बैंक ऑफ बड़ौदा पुलिस सैलरी पैकेज स्कीम के अंतर्गत आज 12 शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों और 2 ड्यूटी के दौरान दिव्यांग हुए पुलिसकर्मियों को कुल ₹19.90 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

वर्दी का रिश्ता, जीवनभर का बंधन

राजीव कृष्ण ने कहा कि यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं है, बल्कि उस अटूट संकल्प का प्रतीक है कि उत्तर प्रदेश पुलिस हर परिस्थिति में अपने साथियों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि—

शहीद परिवारों का सम्मान और सहयोग पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दिव्यांग पुलिसकर्मी पूरे बल के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

यूपी पुलिस का हर कदम अपने बलिदानी साथियों के सपनों को पूरा करने और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समर्पित है।

इस अवसर पर यह संदेश स्पष्ट हुआ कि उत्तर प्रदेश पुलिस वर्दीधारियों के रिश्ते को ड्यूटी तक सीमित नहीं मानती, बल्कि इसे जीवनभर का बंधन समझती है।