रायबरेली : राखी की कीमत बहन ने चुकाई खून से सोते भाई को बहन ने कुल्हाड़ी से काट कर उतारा मौत के घाट

रायबरेली से रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक कलयुगी बहन ने ही अपने भाई का कत्ल कर दिया। राखी का रिश्ता जिसे जिंदगीभर सुरक्षा और प्यार का प्रतीक माना जाता है, उसी पवित्र बंधन को इस बहन ने खून से दागदार कर दिया। दरअसल, हरचंदपुर थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव में युवक हिमांशु घर के बाहर सो रहा था। तभी उसकी बहन ने कुल्हाड़ी से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। शुरुआती जांच में परिजन ने गांव के ही एक युवक पर जमीन विवाद को लेकर आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वारदात को अंजाम किसी और ने नहीं बल्कि मृतक की बहन ने ही दिया। पुलिस ने आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। फिलहाल पुलिस उससे हत्या की असली वजह पूछताछ कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग हैरान हैं कि एक बहन अपने ही भाई की दुश्मन कैसे बन गई। इस वारदात ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जब अपने ही खून के रिश्ते में दरार पड़ जाए, तो सबसे बड़ा दुश्मन भी अपनों के बीच से निकल सकता है।