गिल का जलवा: आठ शतक और 2775 रन… शुरुआती 55 वनडे मैचों में बनाए सर्वाधिक रन

भारतीय क्रिकेट में हमेशा से ही युवा खिलाड़ियों की तुलना दिग्गजों से की जाती रही है। शुभमन गिल, विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर…ये तीनों नाम आज की पीढ़ी से लेकर पुरानी पीढ़ी तक क्रिकेट प्रेमियों के बीच बहस का मुद्दा रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो शुभमन गिल ने वनडे की सिर्फ 55 पारियों में 2775 रन बना दिए हैं। उनका औसत 59.04 है। भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल बहुत जल्द एशिया कप में खेलते नजर आएंगे। नौ सितंबर से शुरू हो रहे आगामी टूर्नामेंट के लिए उन्हें भारतीय टीम का उपकप्तान बनाया गया है। गिल ने अपने वनडे करियर की शुरुआत बेहद प्रभावशाली अंदाज में की है। उन्होंने शुरुआती 55 वनडे मैचों में सर्वाधिक रन बनाकर विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। खास बात यह है कि गिल ने इस दौरान आठ शतक भी जड़े हैं, जो उनकी निरंतरता और बड़े स्कोर बनाने की क्षमता का प्रमाण है।