जम्मू:वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

जम्मू-कश्मीर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अगस्त 25 रियासी में लगातार हो रही भारी बारिश ने जम्मू-कश्मीर में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार दोपहर त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले मार्ग पर बड़ा भूस्खलन हो गया। इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा दोपहर लगभग 3 बजे अधक्वारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुआ। यहां से मंदिर तक जाने वाला मार्ग 12 किलोमीटर लंबा है और भूस्खलन लगभग इसके आधे हिस्से में आया। हादसे के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव व राहत अभियान शुरू कर दिया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यात्रा स्थगित

भूस्खलन के बाद रियासी जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से माता वैष्णो देवी यात्रा को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। हिमकोटि ट्रैक मार्ग पर पहले से ही सुबह से यात्रा रोकी गई थी। पुराने मार्ग से दोपहर 1.30 बजे तक श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी थी, लेकिन मूसलाधार बारिश और आपदा को देखते हुए इसे भी रोक दिया गया।

बारिश से तबाही

पिछले तीन दिनों से जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई जगहों पर भूस्खलन और पानी भराव जैसी स्थितियां पैदा हो गई हैं। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा न करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। फिलहाल राहत व बचाव कार्य जारी है और अधिकारियों ने बताया कि हालात सामान्य होने के बाद ही यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा।