लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज राजधानी लखनऊ में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में देश के गौरव एवं लखनऊ के लाल ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का भव्य स्वागत किया। शुभांशु शुक्ला ने हाल ही में ऐतिहासिक Axiom Mission-4 में भाग लेकर भारत का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि शुभांशु शुक्ला की इस ऐतिहासिक यात्रा ने भारत ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के लिए भी अंतरिक्ष क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस उपलब्धि से युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को अंतरिक्ष एवं स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने भारत माता के इस सपूत और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस गौरवशाली पल ने हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा किया है।
समारोह में उपस्थित लोगों ने भी जोरदार तालियों और नारों के बीच शुभांशु शुक्ला का अभिनंदन किया।
