लंदन में जमकर पसीना बहा रहे विराट कोहली, लॉर्ड्स में अभ्यास के दौरान प्रशंसकों से मिले ?

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इन दिनों लंदन में हैं और ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं। शनिवार को सोशल मीडिया पर पूर्व कप्तान की कुछ तस्वीरें वायरल हुईं जिनमें उन्हें लॉर्ड्स में जमकर पसीना बहाते देखा जा सकता है। इस दौरान उन्हें प्रशंसकों से भी मुलाकात करते देखा गया।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेंगे कोहली

टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अब अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। वह अगला वनडे मुकाबला ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेलते नजर आएंगे, जिसकी शुरुआत 19 अक्तूबर को होगी। इस दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी जिसमें कप्तान रोहित शर्मा भी खेलते नजर आएंगे। दोनों दिग्गजों ने इस दौरे के लिए अभ्यास शुरू कर दिया है।

‘जब तक खेलूंगा शेर की तरह खेलूंगा’

हाल ही में उत्तर प्रदेश के दाएं हाथ के बल्लेबाड स्वास्तिक चिकारा ने विराट कोहली के क्रिकेट के भविष्य को लेकर चर्चा की थी। उन्होंने बताया था कि जब आईपीएल के दौरान उनकी कोहली से मुलाकात हुई थी, तब अनुभवी बल्लेबाज ने अपने भविष्य को लेकर क्या कहा था। चिकारा ने रेवस्पोर्ट्स से चर्चा के दौरान कहा, ‘विराट भैया ने कहा था जब तक क्रिकेट खेलूंगा, जब तक मैं पूरा फिट हूं। ये इम्पैक्ट प्लेयर की तरह नहीं खेलूंगा। मैं शेर की तरह खेलूंगा। मैं पूरे 20 ओवर फील्डिंग करूंगा और फिर बल्लेबाजी करूंगा। जिस दिन मुझे इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलना होगा, मैं क्रिकेट छोड़ दूंगा।’