गोरखपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अगस्त 2025 सेवा, संवेदना और सत्यनिष्ठा को जीवन-व्रत मानकर लोक-कल्याण के कार्यों में निरंतर जुटे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपने आवेदन, शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति की बात को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का निपटारा समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जनता दर्शन के दौरान कई मामले भूमि विवाद, कानून-व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष रूप से गरीब, असहाय और पीड़ित वर्ग की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसेवा ही सरकार का सबसे बड़ा दायित्व है, और “सरकार का प्रत्येक कदम जनता के हित और कल्याण के लिए समर्पित होना चाहिए”। उन्होंने आश्वासन दिया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोरखनाथ मंदिर में नियमित रूप से आयोजित होने वाला यह जनता दर्शन कार्यक्रम, प्रदेश में सुशासन और जनसंपर्क की एक सशक्त कड़ी बन चुका है, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करते हैं।
