सड़क दुर्घटना और समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने के कारण हर साल हजारों लोगों की जान चली जाती है. इसके लिए वो लोग भी जिम्मेदार हैं, जो घायलों को देखने के बावजूद कोई कदम नहीं उठाते हैं और आगे बढ़ जाते हैं. हालांकि कुछ लोग घायलों को देखकर पहले अस्पताल पहुंचाते हैं. सैफई से इटावा जाते समय कुछ ऐसा ही किया समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने, जब उन्होंने एक घायल दंपति और उनकी बच्ची को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.
अखिलेश यादव शनिवार को सैफई से इटावा जा रहे थे. रास्ते में एक घायल दंपत्ति और उसकी बच्ची को रास्ते में पड़ा देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया. सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव अपनी गाड़ी से उतरकर घायलों के पास पहुंचे और उनका हाल-चाल जाना. साथ ही सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने डस्टर सवार युवक को रोककर पूछा कि एक्सीडेंट कैसे हुआ और इसकी सूचना सैफई सीओ को दी.
