नई दिल्ली: IAS राहुल सिंह को CBSE चेयरपर्सन के पद पर दो वर्षों का सेवा विस्तार

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2025 केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के चेयरपर्सन के रूप में कार्यरत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राहुल सिंह की सेवाओं को केंद्र सरकार ने दो वर्ष के लिए और बढ़ा दिया है। वह 1996 बैच के बिहार कैडर के अधिकारी हैं।

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के अधीन कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राहुल सिंह की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को 11 नवम्बर 2025 से आगामी दो वर्षों तक के लिए बढ़ाया गया है। इसका मतलब है कि अब वे 11 नवम्बर 2027 तक CBSE चेयरपर्सन पद पर बने रहेंगे।

राहुल सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान CBSE में कई शैक्षिक सुधारों की पहल की है। उनके नेतृत्व में बोर्ड परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, मूल्यांकन की गुणवत्ता और डिजिटल इनोवेशन को प्राथमिकता दी गई है। उनका कार्यकाल शिक्षा क्षेत्र में नवाचार और नीति सुधारों के लिए सराहा गया है। केंद्र सरकार द्वारा सेवा विस्तार का निर्णय उनके प्रभावी नेतृत्व और शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए लिया गया है। यह सेवा विस्तार न केवल CBSE के लिए बल्कि पूरे देश के स्कूली शिक्षा तंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है, क्योंकि यह निरंतरता और अनुभव को बरकरार रखने में सहायक होगा।