लखनऊ:ED का बड़ा एक्शन , निलंबित IAS अभिषेक प्रकाश के करीबी निकांत जैन के कई ठिकानों पर छापेमारी

(द द दस्तक 24 न्यूज़) , 07 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी से जुड़ी एक बड़ी कार्रवाई में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने निलंबित IAS अधिकारी अभिषेक प्रकाश के करीबी माने जाने वाले निकांत जैन के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई निवेशकों से रिश्वत लेने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के चलते की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीमें सुबह से ही लखनऊ के गोमतीनगर के विशाल खंड स्थित निकांत जैन के आवास और दफ्तरों पर कार्रवाई में जुटी रहीं। इसके अलावा मेरठ और नोएडा में भी उनके अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। ED की यह रेड निवेशकों से अवैध लेन-देन और काले धन के लेन-देन को लेकर की गई है।

इससे पहले इस मामले में यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने निकांत जैन को गिरफ्तार किया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने यूपी इन्वेस्ट के नाम पर विभिन्न निवेशकों से अवैध रूप से रिश्वत वसूली की और ऊंचे स्तर तक पैसा पहुंचाया। इसी मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर तत्कालीन CEO, UP इन्वेस्ट और IAS अधिकारी अभिषेक प्रकाश को निलंबित कर दिया गया था।

ED अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कई करोड़ रुपये की हेराफेरी और मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका जताई जा रही है। यह मामला यूपी की प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर फिर से सवाल खड़े कर रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ED की इस कार्रवाई के बाद और कौन-कौन इस जांच के दायरे में आता है।