आजमगढ़:प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त का हुआ सजीव प्रसारण, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न।

आज़मगढ़:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2025 जनपद में किसानों के चेहरे उस समय खिल उठे जब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN)’ योजना की 20वीं किस्त के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के 2 करोड़ 30 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में धनराशि का ऑनलाइन अंतरण किया गया। इस अवसर का सजीव प्रसारण कृषि महाविद्यालय कोटवा, आज़मगढ़ में किया गया, जहाँ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा0 केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आज़मगढ़ के जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार ने की। सजीव प्रसारण के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के किसानों से संवाद भी किया और केंद्र सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ के विषय में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ने देश के करोड़ों किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। यह योजना छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए एक बड़ी राहत बनकर सामने आई है, जिससे वे अपनी खेती-किसानी से जुड़ी बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा कर पा रहे हैं।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि आजमगढ़ जनपद के हजारों किसानों को भी इस योजना की 20वीं किस्त का लाभ प्राप्त हुआ है। डीएम ने बताया कि जनपद प्रशासन द्वारा समय-समय पर लाभार्थी किसानों का सत्यापन, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी और बैंक विवरणों के सुधार का कार्य अभियान के रूप में चलाया गया, जिससे किसानों को समय पर किस्त प्राप्त हो सके। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारीगण, कृषि वैज्ञानिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में किसान और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सजीव प्रसारण के बाद लाभार्थी किसानों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। अंत में, जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे समय पर ई-केवाईसी एवं भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन कराएं ताकि भविष्य में उन्हें इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ सतत रूप से मिलता रहे।

क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना ?

भारत सरकार की यह योजना 1 दिसंबर 2018 से लागू हुई थी, जिसके अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति वर्ष ₹6000 की आर्थिक सहायता तीन बराबर किस्तों में प्रदान की जाती है। अब तक करोड़ों किसानों को इस योजना का लाभ मिल चुका है।

यह कार्यक्रम आजमगढ़ में कृषि सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे न केवल किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है, बल्कि सरकार की किसान-हितैषी सोच का भी सशक्त संदेश समाज में गया है।