(द दस्तक 24 न्यूज़) ,17 जुलाई 2025 जनपद के लोकप्रिय सांसद श्री मुकेश राजपूत ने आज सेनापति स्थित सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर में आयोजित मॉक संसद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस विशेष कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हें-नन्हें छात्र एवं छात्राओं ने संसद की कार्यवाही की प्रायोगिक प्रस्तुति (मॉक सेशन) दी, जिसमें उन्होंने सांसद के रूप में शपथ ग्रहण किया और संसदीय प्रक्रिया का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद श्री मुकेश राजपूत ने छात्र सांसदों को शपथ दिलाई और संसद एवं विधानसभा की कार्यप्रणाली, नियमावली, प्रश्नकाल, शून्यकाल, एवं विधायी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी सरल भाषा में बच्चों को प्रदान की। सांसद राजपूत ने छात्रों के उत्साह और उनकी जागरूकता की सराहना करते हुए कहा, देश का भविष्य इन नन्हें हाथों में है। यदि आज से ही उन्हें लोकतंत्र और संविधान की जानकारी दी जाए तो कल वे एक जिम्मेदार नागरिक और कुशल नेता बन सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित इस प्रेरणात्मक कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं जनप्रतिनिधि के कर्तव्यों के प्रति समझ विकसित करना था। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने सवाल-जवाब सत्र में सांसद से संवाद भी किया, जिसे उन्होंने सहजता से उत्तर देकर छात्रों का मार्गदर्शन किया। विद्यालय परिवार एवं उपस्थित अभिभावकों ने सांसद श्री राजपूत के प्रति आभार जताया और इस शैक्षिक पहल की सराहना की।
