भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन चोटिल हो गए। पंत इस सीरीज में विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे हैं। चार पारियों में उनके बल्ले से दो शतक के साथ एक फिफ्टी निकल चुकी है। वह तब चोटिल हुए जब तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की एक गेंद लेग साइड की ओर फिसल थी और पंत उसे रोकने की कोशिश कर रहे थे। गेंद उनकी बाएं हाथ की तर्जनी उंगली पर लगी।
ऋषभ पंत को तुरंत फिजियो ने मैदान पर आकर चेक किया। यह घटना 34वें ओवर की दूसरी गेंद पर हुई। उनकी चोट शुरुआत में मामूली लग रही थी, लेकिन इलाज के बाद पंत ने विकेटकीपिंग भी शुरू कर दी लेकिन उन्हें परेशानी हो रही थी। 34वां ओवर खत्म होने के बाद पंत ने मैदान से बाहर जोने का फैसला किया। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने पूरे दिन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं लेकिन सब्स्टिट्यूट फील्डर के रूप में उतरे। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर ऋषभ पंत के चोट पर अपडेट दिया। हालांकि बोर्ड की तरफ से ज्यादा जानकारी नहीं दी गई। बीसीसीआई ने अपने अकाउंट पर लिखा- टीम इंडिया के उपकप्तान ऋषभ पंत को उनकी बाईं हाथ की तर्जनी उंगली पर गेंद लगी है। वह इस समय इलाज प्राप्त कर रहे हैं और मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। उनकी गैरमौजूदगी में ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग कर रहे हैं।’
