लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री राजीव कृष्ण ने आज लखनऊ स्थित सेंट्रल कमांड मुख्यालय में लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, जीओसी-इन-सी, सेंट्रल कमांड से शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण बैठक में आर्मी और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, सुरक्षा सहयोग और आपसी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में रीयल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग, संयुक्त रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल्स, और आपदा प्रबंधन जैसे अहम विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। दोनों शीर्ष अधिकारियों ने इस बात पर सहमति जताई कि मौजूदा समय की चुनौतियों का सामना करने के लिए पुलिस और सेना के बीच प्रभावी सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि, “राष्ट्र की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच बिना किसी अवरोध के सहयोग और तालमेल बेहद जरूरी है।”वहीं लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने भी साझा संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सेना और पुलिस के बीच सहयोगात्मक प्रयासों को और मजबूती दी जाएगी, जिससे आपात परिस्थितियों में त्वरित व सटीक प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। इस मुलाकात को सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी के लिहाज़ से बेहद अहम माना जा रहा है। इससे राज्य और देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावशाली और संगठित बनाने की दिशा में एक ठोस कदम बताया जा रहा है।
