मध्य प्रदेश की 1.27 करोड़ मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की लाभार्थियों के लिए खुशखबरी है। लाडली बहना योजना के तहत हर महीने मिलने वाली किस्त के अलावा अब उनके खाते में 5000 रुपये हर महीने भी आ सकते हैं। राज्य के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने खुद इस बात की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि लाडली बहना योजना के तहत 3000 रुपये हर महीने कब से मिलने शुरू होंगे।
निवाड़ी जिले में आयोजित देवी अहिल्याबाई नारी शक्ति सम्मेलन कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि जो महिलाएं रेडीमेड गारमेंट यूनिट या किसी फैक्ट्री में काम करने में रुचि दिखाएंगी, उन्हें हर महीने 5000 रुपये अलग से दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इस दौरान उन्होंने 109 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि पूजन और उद्घाटन किया।
लाडली बहना के 3000 कब से मिलेंगे
सीएम के मुताबिक लाडली बहना योजना की राशि को 2028 तक धीरे-धीरे बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया जाएगा। दिवाली से इस योजना के तहत इसे बढ़ाकर 1500 किया जा रहा है। मतलब दिवाली से महिलाओं को 1500 रुपये हर महीने मिलेंगे। उन्होंने कहा, “हम पहले लाडली बहनों को 1000 रुपये प्रति माह देते थे। फिर 250 रुपये बढ़ाए गए, जिससे यह राशि 1250 रुपये प्रति माह हो गई। रक्षा बंधन के त्योहार पर 250 रुपये और देंगे। इसके बाद हमारी योजना है कि इस साल दिवाली से 1500 रुपये प्रति माह दिए जाएं। उन्होंने कहा कि आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है, धीरे-धीरे 2028 तक लाडली बहनों को दिए जाने वाला पैसा बढ़ाकर 3000 रुपये महीना कर दिया जाएगा।
महिलाओं को पैरों पर खड़े करने के प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने से परिवार और समाज का विकास होगा। सरकार महिलाओं के लिए कई योजनाएं चला रही है, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। CM यादव ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
जुलाई में आ सकते हैं 1500 रुपये
सीएम ने ऐलान किया है कि रक्षा बंधन के मौके पर महिलाओं के खाते में 250 रुपये अलग से भेजे जाएंगे। मतलब 1500 रुपये खाते में आएंगे। रक्षा बंधन 9 अगस्त को है और लाडली बहना योजना का पैसा 10 के बाद ही आता है। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि बढ़ा हुआ पैसा जुलाई की किस्त में ही आ जाए।
