फर्रूखाबाद:पुलिस अधीक्षक ने किया थाना कादरीगेट का औचक निरीक्षण, बीट प्रणाली को सशक्त करने पर दिया जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जून 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा मंगलवार को थाना कादरीगेट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, CCTNS कार्यालय, हवालात, मैस तथा पुलिस बैरकों का गहन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने पर मौजूद बीट आरक्षियों की बीट बुक की जांच की और उनके कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने थानाक्षेत्र में चिन्हित हिस्ट्रीशीटर (एच.एस.), सक्रिय अपराधियों और टॉप-10 अपराधियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

श्रीमती सिंह ने थाना क्षेत्र के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को बीट प्रणाली को सशक्त और प्रभावी ढंग से लागू करने, शस्त्रों के भौतिक सत्यापन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और पुलिसिंग की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बीट प्रणाली एक महत्वपूर्ण उपकरण है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को सजग रहते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की हिदायत दी और आमजन के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। यह निरीक्षण पुलिस प्रशासन की सतर्कता और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।