आगरा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जून 2025 जनपद के ताजगंज स्थित सीताराम होटल में बासुदेव प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन की मंडलीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव एवं मंडल प्रभारी श्री राजीव सक्सेना ने की। बैठक में पत्रकारों के मौलिक अधिकारों, जिला कार्यकारिणी के गठन तथा पत्रकार उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गिरीश चंद्र कुशवाहा ने मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद और आगरा के जिला अध्यक्षों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि जो जिला अध्यक्ष 15 जुलाई तक अपनी जिला कार्यकारिणी गठित कर मुख्यालय को नहीं भेजते हैं, उन्हें बिना सूचना या नोटिस के पद से मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों के साथ हो रहे उत्पीड़न के मामलों को लेकर संगठन अब सख्ती के साथ कार्य करेगा।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दें कि वे पत्रकार उत्पीड़न पर नियंत्रण लगाएं, अन्यथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को उनका सम्मान और सुरक्षा दिलाना अब संगठन की प्राथमिकता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मंडल सहप्रभारी श्री अरविंद कुमार टाइटलर ने कहा कि खाकी और खादी द्वारा पत्रकारों पर किया जा रहा उत्पीड़न अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आगरा मंडल के जिला अध्यक्षों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे 20 जुलाई तक तीन पत्तियों में कार्यकारिणी गठित कर भेजें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी जिलों में मासिक बैठकें आयोजित कर पत्रकारों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका समाधान किया जाएगा। इसके अलावा पत्रकारों को संगठित करने के लिए आगरा मुख्यालय पर एक मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।इस अवसर पर आगरा से राहुल तिवारी, राधेश्याम सैनी, अशोक सैनी, तथा मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी से आए कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। बैठक के अंत में राजेश अग्रवाल को पुनः आगरा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
