इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध की काफी चर्चा है. इन दोनों देशों के बीच पिछले 8 दिनों से भयंकर तनाव की स्थिति है और फिलहाल मामला शांत होता भी नजर नहीं आ रहा है. युद्ध की वजह से ईरान के साथ-साथ इजरायल को भी काफी नुकसान हुआ है. उसे अभी तक अरबों डॉलर का नुकसान हो चुका है और हर दिन घाटा बढ़ता ही जा रहा है. एक रिपोर्ट के मुताबिक इजरायल मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने में ही हर दिन करीब 200 मिलियन डॉलर खर्च कर दे रहा है.
युद्ध में इस्तेमाल हो रहे गोला-बारूद, मिसाइलें, लड़ाकू विमान और लॉजिस्टिक की वजह से खर्च काफी ज्यादा बढ़ गया है. ईरान ने इजरायल में भयंकर तबाही मचाई है. उसके बुनियादी ढाचों को काफी नुकसान हुआ है. इजरायल को इसके मरम्मत पर भी अरबों रुपए खर्च करने पड़ेंगे. इजरायली मीडिया के मुताबिक Ynet न्यूज की 15 जून की रिपोर्ट में इजरायली सेना के चीफ ऑफ स्टाफ के एक पूर्व वित्तीय सलाहकार के हवाले से अनुमान लगाया गया है कि ईरान के साथ लड़ाई के पहले दो दिनों में ही उसे लगभग 1.45 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है. लिहाजा अब आठ दिन हो चुके हैं और अब तक उसे अरबों डॉलर का घाटा हो चुका है. एक रिपोर्ट के मुताबिक इजरायल को युद्ध के बाद इमारतों की मरम्मत के लिए कम से कम 400 मिलियन डॉलर खर्च करने पड़ सकते हैं. इजरायल के पास अब डिफेंसिव एरो इंटरसेप्टर की भी कमी हो रही है, जो कि उसके लिए चिंताजनक है. ईरान लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों का भी इस्तेमाल कर सकता है. ऐसे में उसका मुकाबला करने के लिए इजरायल को और ज्यादा क्षमता की जरूरत पड़ेगी.
