(द दस्तक 24 न्यूज़)08जून 2025 प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन आगरा मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आगामी 14 जून को दोपहर 12 बजे सीताराम होटल, ताजगंज आगरा में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष व मंडल सदस्यता प्रमुख अरविंद टाइटलर करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव एवं आगरा मंडल प्रभारी राजीव सक्सेना मौजूद रहेंगे।
बैठक को लेकर संगठन के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रेस प्रवक्ता बी.एस. शर्मा ने बताया कि इस अहम बैठक में राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों के अलावा मैनपुरी, फिरोजाबाद, मथुरा और आगरा जिलों के अध्यक्षों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। उन्होंने सभी मंडलीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने साथ आधार कार्ड की छायाप्रति एवं दो पासपोर्ट साइज की फोटो अवश्य लेकर आएं।
निष्क्रिय पदाधिकारी होंगे बाहर
बैठक में विशेष रूप से निष्क्रिय पदाधिकारियों की पहचान कर उन्हें एसोसिएशन से बाहर करने की कार्रवाई की जाएगी। बीएस शर्मा ने दो टूक कहा कि जो पदाधिकारी संगठन की गतिविधियों में निष्क्रिय हैं, वे सदस्यता न लें। वहीं, सक्रिय पदाधिकारियों के साथ नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
जिला इकाइयों के गठन का निर्देश
संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश चंद्र कुशवाहा ने लखनऊ से निर्देश जारी करते हुए कहा है कि आगरा मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जिला अध्यक्ष 30 जून तक अपने-अपने जिलों में सदस्यता अभियान चलाकर जिला इकाई का गठन सुनिश्चित करें। इसके साथ ही मंडल सदस्यता प्रमुख द्वारा एक सप्ताह के भीतर सदस्यता कार्ड जिला मुख्यालय पर वितरित किए जाएंगे।
बैठक में शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि इस बैठक में सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत अनिवार्य है। संगठन की नई दिशा और कार्यप्रणाली तय करने के लिहाज से यह बैठक निर्णायक मानी जा रही है।