नई दिल्ली:महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिसरा ने जर्मनी में रचाई शादी, राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जून 2025 तृणमूल कांग्रेस (TMC) की तेज़तर्रार सांसद महुआ मोइत्रा और बीजू जनता दल (BJD) के वरिष्ठ नेता और सांसद पिनाकी मिश्रा ने हाल ही में जर्मनी में विवाह कर लिया है। दोनों नेताओं को हाल के दिनों में जर्मनी की सड़कों पर एक साथ घूमते हुए देखा गया, जिससे पहले से चल रही अटकलों को और बल मिला।

महुआ मोइत्रा की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी डेनमार्क के उद्योगपति लार्स ब्रोरसन से हुई थी। इसके बाद महुआ का नाम एडवोकेट जय अनंत के साथ भी जुड़ा, जो बाद में उनके खिलाफ गंभीर आरोपों के साथ सामने आए।

जय अनंत ने दावा किया था कि महुआ मोइत्रा ने उद्योगपति दर्शन हीरानंदानी से ₹2 करोड़ की कथित राशि लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अदाणी ग्रुप के खिलाफ संसद में सवाल उठाए थे। इस आरोप ने महुआ की राजनीतिक छवि पर खासा असर डाला, हालांकि उन्होंने इन आरोपों का दृढ़ता से खंडन किया था।

अब एक बार फिर महुआ मोइत्रा सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार अपनी निजी जिंदगी को लेकर। 50 वर्षीय महुआ और 65 वर्षीय पिनाकी मिश्रा के इस रिश्ते ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा को हवा दे दी है। दोनों वरिष्ठ नेता हैं और संसद में अपने बेबाक और प्रभावशाली बयानों के लिए जाने जाते हैं।

इस विवाह को लेकर अभी तक किसी आधिकारिक बयान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जर्मनी से आई तस्वीरों और सूत्रों के हवाले से यह खबर तेजी से फैल रही है।

सोशल मीडिया पर इस शादी को लेकर प्रतिक्रियाओं का तांता लगा है। कुछ इसे “राजनीति से परे एक निजी फैसला” कह रहे हैं, तो कुछ इसे “सत्ता और संपर्क का नया समीकरण” मान रहे हैं।

जैसे कहा जाता है – “दोनों राजी तो क्या करेगा काज़ी?” – यह रिश्ता भी इसी कहावत को चरितार्थ करता दिख रहा है।