एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की डेटिंग की खबरें बी टाउन में आम बात हो गई है। दोनों ने लंबे समय तक एक दूसरे को डेट किया लेकिन बाद में इनका ब्रेकअप हो गया। अब दोनों अलग-अलग साथियों के साथ शादी करके खुशी-खुशी अपनी मैरिड लाइफ बिता रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
हालांकि लोग अभी भी पर्दे पर इनका केमिस्ट्री देखना पसंद करते हैं। अब दोनों एक्टर्स का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें रणबीर कह रहे हैं कि वह दीपिका पादुकोण के पिता बनना चाहते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया ये वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेता ने यह मजाक तब किया जब दीपिका से उनके और रणवीर सिंह के बीच बेहतर अभिनेता को चुनने के लिए कहा गया। रणबीर के मजाक ने दर्शकों को हंसाकर लोटपोट कर दिया।
दीपिका से पूछा गया कठिन सवाल
दरअसल इम्तियाज अली की फिल्म तमाशा के प्रचार के दौरान दीपिका से यह सवाल पूछा गया था। दीपिका से रणबीर कपूर और रणवीर सिंह के बीच बेहतर अभिनेता को चुनने के लिए कहा गया था। दीपिका ने कहा, “यह ऐसा है जैसे कि आप अपनी मां को पसंद करते हैं या अपने पिता को?” जब दर्शकों में से किसी ने मज़ाक में पूछा कि मां कौन होगी,तो रणबीर ने कहा, “मैं पिता बनना चाहता हूं।”
दीपिका ने आगे कहती हैं, “मुझे ऐसा लगता है कि हम हर समय लगातार तुलना करते रहते हैं। चाहे वह फिल्में हों, अभिनेता हों, यह को-स्टार हों। हमें हर समय तुलना करते रहने की जरूरत नहीं है। उनका व्यक्तित्व और रणवीर का व्यक्तित्व और वे जिस तरह का अलग-अलग काम करते हैं। हमें उनकी तारीफ करनी चाहिए और उन्हें वैसे ही स्वीकार करना चाहिए जैसे वे हैं।”
रणबीर कपूर से हो गया था ब्रेकअप
बता दें कि फैंस को दीपिका और रणबीर सिंह की केमिस्ट्री बेहद पसंद थी जिसकी वजह से ब्रेकअप के बाद भी एक्टर्स ने ये जवानी है दीवानी और तमाशा जैसी फिल्मों में काम किया। दीपिका उस समय अपने बाजीराव मस्तानी को-स्टार रणवीर सिंह के साथ रिलेशन में थीं और बाद में दोनों ने शादी भी कर ली। वहीं रणबीर कपूर ने आलिया भट्ट से शादी की।