समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव से लोकसभा चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर बधाई देने वालों का आज भी तांता लगा रहा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया और कहा कि आप सभी के सहयोग समर्थन एवं परिश्रम से ही समाजवादी पार्टी को भारी सफलता मिली है।समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ के डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में एकत्र सैकड़ों कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की धांधली के बावजूद जनता ने समाजवादी पार्टी के पक्ष में जो फैसला दिया उससे लोकतंत्र में मजबूती आई है। अयोध्या में जीत ने भाजपा की साम्प्रदायिकता से प्रेरित नफरती राजनीति को खारिज कर दिया है। जनता के समर्थन से राजनीति को सकारात्मक दिशा मिली है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि देश की जनता ने लोकसभा चुनाव में संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए वोट किया है। प्रदेश की जनता ने लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनाया है। अब जनता के प्रति समाजवादियों की और ज्यादा जिम्मेदारी बढ़ गयी है। समाजवादी पार्टी मजबूती से जनता के मुद्दों को लोकसभा में उठाएगी। जनता ने जो भरोसा दिखाया है उस पर हमें खरा उतरना है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलतनीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था रसातल में जा रही है। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। केन्द्र की सरकार में पिछले 10 सालों में इतनी लूट हुई है कि गेहूं का भंडार घट गया है। विदेश से गेहूं आयात करने के हालात है। आटा महंगा होगा तो इसका सीधा असर जनसामान्य की जेब पर पड़ेगा।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा जहां भी जीती वहां उसने सत्ता का खुलकर दुरुपयोग किया है। विगत 10 वर्षों में भाजपा सरकार में जनता को तबाही के सिवाय कुछ नहीं मिला है। किसान बर्बाद हो गये। नौजवानों के सपनों पर बुलडोजर चला दिया गया। विकास अवरुद्ध हो गया।

इस अवसर पर सर्वश्री अवधेश प्रसाद सांसद, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप, अरविन्द कुमार सिंह पूर्व सांसद, विधायकगण महबूब अली, नवाब इकबाल, राममूर्ति वर्मा, रविदास मेहरोत्रा, संग्राम यादव, मोहम्मद रिजवी, सुरेश यादव, प्रदीप यादव, विशम्भर यादव, फरीद महफूज किदवई, आशु मलिक सहित श्री अम्बिका चौधरी, लव भार्गव, डॉ0 राजपाल कश्यप, पवन पाण्डेय, राजेश यादव, रामआसरे विश्वकर्मा, प्रो.बी.पाण्डेय, उदयवीर सिंह, संतोष यादव सनी, व्यासजी गोंड, श्रीमती जानकी पाल, अरविन्द यादव की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

रिपोटर – अर्पित यादव