मनोज बाजपेयी स्टारर ‘भैया जी’ के कलेक्शन में दूसरे दिन उछाल आया

इस शुक्रवार बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई मनोज बाजपेयी स्टारर ‘भैया जी’ के कलेक्शन में दूसरे दिन उछाल आया है। ओपनिंग डे पर जहां इस फिल्म ने 1 करोड़ 44 लाख रुपए का बिजनेस किया था।
वहीं शनिवार को इसने 2 करोड़ रुपए कमाए। इसके साथ ही फिल्म का टोटल कलेक्शन 3 करोड़ 45 लाख रुपए हो चुका है।
शुक्रवार को इस फिल्म की ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 12.52% रही, जो पहले दिन से बेहतर थी। अपूर्व सिंह कार्की निर्देशित इस फिल्म में मनोज बाजपेयी पहली बार फुल एक्शन रोल में नजर आ रहे हैं।
दूसरी तरफ मनोज की फिल्म से एक दिन पहले रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म ‘मैड मैक्स: फ्यूरिओसा’ की कमाई में तीसरे दिन 51% की उछाल आई है। गुरुवार को रिलीज हुई क्रिस हेम्सवर्थ और आन्या ट्रेलर स्टारर इस फिल्म ने शनिवार को इंडिया में 2 करोड़ 91 लाख रुपए का बिजनेस किया।
फिल्म ने गुरुवार को 2 करोड़ 5 लाख और शुक्रवार को 1 करोड़ 92 लाख रुपए का बिजनेस किया था। अब तीन दिनों में इसका कलेक्शन 6 करोड़ 88 लाख रुपए हो चुका है।
इसी बीच राजकुमार राव स्टारर ‘श्रीकांत’ तीसरे हफ्ते में भी अच्छा कलेक्शन कर रही है। शुक्रवार को 1 करोड़ 18 लाख कमाने के बाद शनिवार को इस फिल्म ने 2 करोड़ 15 लाख रुपए कमाए।
इसके साथ ही इसका टोटल कलेक्शन 35 करोड़ 35 लाख रुपए हो चुका है। रविवार को इससे और बेहतर बिजनेस की उम्मीद है।