राम चरण आज अपना 39वां जन्मदिन मना रहे

साउथ सुपरस्टार राम चरण आज अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। राम चरण साउथ फिल्मों के उन सितारों में से हैं, जिन पर अपने पिता का स्टारडम हावी नहीं हुआ और उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
फिल्म RRR से राम चरण ग्लोबल स्टार बन चुके है। उन पर फिल्माया गए गाने नाटू नाटू ने 2023 में ऑस्कर जीता था।
RRR में काम करने के लिए उन्हें डायरेक्टर एसएस राजामौली ने 45 करोड़ रु. फीस दी थी। मगर अपनी अगली फिल्म ‘गेम चेंजर’ के लिए रामचरण 100 करोड़ फीस चार्ज कर रहे हैं।
वैसे, रामचरण की गिनती साउथ के सुपरस्टार्स में होती है, लेकिन उन्होंने बॉलीवुड की एक ही फिल्म की है। राम चरण क्यों रहे बॉलीवुड से दूर और कैसे बने वो साउथ के सबसे बड़े सुपरस्टार। नजर डालते हैं उनकी लाइफ से जुड़े कुछ दिलचस्प फैक्ट्स पर…
राम चरण का जन्म 27 मार्च, 1985 को चेन्नई में हुआ था। वो तेलुगु फिल्म सुपरस्टार चिरंजीवी के बेटे हैं। राम चरण की मां का नाम सुरेखा है। राम चरण के नाना अल्लू रामलिंगैया एक होम्योपैथिक डॉक्टर थे जो देश की आजादी के आंदोलन से जुड़े हुए थे।
भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान वे गिरफ्तार भी हुए थे। राम के नाना फ्रीडम फाइटर होने के साथ-साथ एक कॉमेडियन भी थे जिन्होंने लगभग 1,000 फिल्मों में काम किया। राम चरण की दो बहनें हैं जिनका नाम सुष्मिता और श्रीजा है।
राम चरण की शुरूआती पढ़ाई चेन्नई के पद्म शेषाद्रि बाल भवन, लवडेल के लॉरेंस स्कूल और बेगमपेट के द हैदराबाद पब्लिक स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने हैदराबाद के सेंट मैरी कॉलेज से आगे की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने मुंबई में किशोर नमित एक्टिंग स्कूल भी अटेंड किया जहां एक्टिंग की बारीकियां सीखीं।
रामचरण ने 2007 में पुरी जगन्नाथ की फिल्म ‘चिरुथा’ से करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में उन्होंने चरण नाम के युवक की भूमिका निभाई थी जो अपने माता-पिता के हत्यारों को खोज रहा होता है। फिल्म के डायरेक्टर और राइटर पुरी जगन्नाथ थे। इसमें नेहा शर्मा, प्रकाश राज, आशीष विद्यार्थी भी नजर आए थे। पहली ही फिल्म में रामचरण बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर साउथ अवॉर्ड जीतने में कामयाब रहे थे।
इसके बाद 2009 में फिल्म मगधीरा राम चरण के लिए उनके करियर में ब्रेकथ्रू साबित हुई। ये उस वक्त तेलुगु सिनेमा के इतिहास की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी। फिल्म में राम चरण ने डबल रोल निभाए थे। फिल्म के डायरेक्टर एसएस राजमौली थे। इस फिल्म ने साउथ फिल्मफेयर में छह फिल्मफेयर अवॉर्ड्स जीते थे।
इसके अलावा 57वें नेशनल अवॉर्ड में फिल्म को बेस्ट स्पेशल इफेक्ट्स और बेस्ट कोरियोग्राफी के अवॉर्ड भी मिले थे। इसके अलावा राम चरण को फिल्मफेयर बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड भी मिला। इस फिल्म के बाद राम चरण तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बड़े स्टार्स की लिस्ट में शामिल हो गए।
राम चरण ने 2013 में बॉलीवुड में फिल्म जंजीर से डेब्यू किया था। जंजीर अमिताभ बच्चन की फिल्म का रीमेक थी, जो 1973 में रिलीज हुई थी। जहां एक ओर जंजीर ने अमिताभ बच्चन को स्टार बना दिया था और वो स्टारडम की बुलंदियों पर पहुंच गए थे।
वहीं इसके उलट रीमेक फिल्म ने राम चरण के बॉलीवुड करियर पर ब्रेक लगा दिया था। राम की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी। इस फिल्म के पिटने से दुखी राम चरण ने फिर करियर में कोई बॉलीवुड फिल्म में काम नहीं किया।
2022 में रिलीज हुई फिल्म RRR राम चरण की अब तक की सबसे सफल फिल्म है। 550 करोड़ की इस फिल्म को बनने में लगभग 4 साल लग गए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ 1300 करोड़ की कमाई की थी। यह दो भारतीय क्रांतिकारियों अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम की ब्रिटिश हुकूमत और हैदराबाद के निजाम के खिलाफ जंग पर बेस्ड थी।
इस फिल्म में अल्लूरी के रोल में रामचरण तो कोमाराम भीम की भूमिका में जूनियर एनटीआर नजर आए थे। फिल्म के गाने नाटू नाटू को बेस्ट सॉन्ग का ऑस्कर मिला था। इस गाने को शूट करने में राम चरण को 12 दिन लगे थे। लगातार 7 दिन तक उन्होंने इस गाने की प्रैक्टिस की थी। इस वजह से उनके घुटनों में दर्द होने लगा था।
एक इंटरव्यू के दौरान राम चरण ने कहा था कि ऑस्कर सेरेमनी में परफॉर्म करना चाहते थे, लेकिन ऑस्कर कमेटी ने उनसे इस बात के लिए उनसे कॉन्टैक्ट नहीं किया जिससे उनकी ये ख्वाहिश अधूरी रह गई।
RRR ने जब 10 दिन में 900 करोड़ रु. का कलेक्शन किया था तब इससे खुश होकर राम चरण ने RRR की टीम को गोल्ड कॉइन गिफ्ट किए थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, एक सिक्का लगभग 10 ग्राम का था और कुल सिक्कों की कीमत ₹18 लाख से ज्यादा थी।
सोने के सिक्के की एक तरफ RRR और दूसरी तरफ राम चरण का नाम लिखा था। राम चरण ने यह सिक्के फिल्म के हर यूनिट मेंबर को दिए। इसमें करीब 35 तकनीशियंस के साथ-साथ कई डिपार्टमेंट्स के हेड भी शामिल थे।
रामचरण ने 14 जून, 2012 को अपोलो हॉस्पिटल्स के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन प्रताप सी. रेड्डी की पोती उपासना कमिनेनी से शादी की। दोनों एक-दूसरे को कॉलेज के दिनों से डेट कर रहे थे। शादी के दस साल बाद दोनों 20 जून 2023 को एक बेटी के पेरेंट्स बने हैं।
राम चरण साउथ के सबसे अमीर एक्टर्स में से एक हैं। उनकी नेटवर्थ तकरीबन 1300 करोड़ रु. है। वहीं उनकी वाइफ उपासना की नेटवर्थ भी तकरीबन 1130 करोड़ है। अगर दोनों की संपत्ति मिला दें तो ये तकरीबन 2430 करोड़ के मालिक हैं। रामचरण के पिता चिरंजीवी की नेटवर्थ भी 2500 करोड़ है।
लग्जरी लाइफ की बात करें तो राम के पास हैदराबाद में एक आलीशान घर है। यह बंगला हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स में है। उनके इस बंगले की कीमत करीब 30 करोड़ रुपए है। 25000 स्क्वायर फीट में फैले इस बंगले में राम चरण अपने माता-पिता और पत्नी के साथ रहते हैं।
राम चरण को महंगी गाड़ियों का शौक है। उनके कार कलेक्शन में करोड़ों की कई कारें शामिल हैं। इनमें मर्सिडीज मेबैक GLS 600 है जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ रुपए है जिसे उन्होंने कस्टमाइज करवाया था। इसके अलावा उनके पास करीब 3 करोड़ की ब्रिटिश स्पोर्ट्स कार एस्टन मार्टिन V8 और 3.50 करोड़ रुपए की फरारी पोर्टोफिनो भी है।
राम ने 2016 में कोनिडेला नाम से अपनी प्रोडक्शन कंपनी बनाई थी। इसके बैनर तले चिरंजीवी की 150वीं फिल्म कैदी नं-150 बनी। 50 करोड़ में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तकरीबन 164 करोड़ रुपए की कमाई की थी।
इसके अलावा राम चरण एक एयरलाइन कंपनी के भी मालिक हैं। राम चरण हैदराबाद की एक रीजनल एयरलाइन कंपनी टर्बो मेगा एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन हैं जिसकी फ्लाइट्स ट्रूजेट नाम से चलती हैं।
रामचरण की अगली सबसे बड़ी फिल्म ‘गेमचेंजर’ है। साउथ के जाने-माने डायरेक्टर शंकर इसका डायरेक्शन कर रहे हैं। इस फिल्म में रामचरण के अपोजिट बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी नजर आएंगी।
फिल्म के लिए राम की फीस 100 करोड़ रु. बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये उनके करियर की अब तक कि सबसे ज्यादा फीस है। फिल्म RRR के लिए उन्हें 45 करोड़ की फीस दी गई थी।
एक इंटरव्यू में राम चरण से पूछा गया था कि वो आगे किस तरह की फिल्में करना चाहते हैं। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था कि वो एक स्पोर्ट्स से जुड़ी फिल्म करना चाहेंगे। उनके इस जवाब पर रिपोर्टर ने पूछा था कि क्या वो विराट कोहली की बायोपिक में काम करना चाहेंगे? राम चरण ने कहा था- बिल्कुल, विराट कोहली एक इंस्पिरेशन हैं। अगर मुझे मौका मिला तो जरूर मैं उनकी बायोपिक करुंगा। मैं तो उनके जैसा दिखता भी हूं।
वहीं, सुनने में आया है कि ‘हनुमान’ के इस सेकेंड पार्ट ‘जय हनुमान’ के लिए मेकर्स ने राम चरण को अप्रोच किया है। मेकर्स चाहते हैं कि वो फिल्म में श्रीराम का रोल प्ले करें। हालांकि, अभी तक इस मामले में ना तो मेकर्स की तरफ से कोई कन्फर्मेशन सामने आई है और ना ही राम चरण की टीम की तरफ से
इसके अलावा उन्हें RRR के सीक्वल में भी देखा जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में लीड एक्टर के तौर पर राम चरण और जूनियर एनटीआर को ही कास्ट किया गया है। फिल्म की शूटिंग 2025 में शुरू हो सकती है।