नए सीजन और नई भूमिका के लिए इंतजार नहीं कर सकता। बने रहें : महेंद्र सिंह धोनी

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और IPL फ्रैंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के मौजूदा कैप्टन एमएस धोनी ने सोमवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर एक दिलचस्प अपडेट किया।
एम एस धोनी ने इस पोस्ट में लिखा, नए सीजन और नई भूमिका के लिए इंतजार नहीं कर सकता। बने रहें!
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह पोस्ट IPL से जुड़ी हुई है या नहीं।
डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग-2024 के मौजूदा सीजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। चेपॉक स्टेडियम में शनिवार को फ्रेंचाइजी का ट्रेनिंग कैंप शुरू हो गया है। तेज गेंदबाज दीपक चाहर सहित आधा दर्जन प्लेयर्स इस कैंप का हिस्सा हैं, जबकि ऋतुराज गायकवाड चेन्नई पहुंच चुके हैं।
हालांकि, धोनी के पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी है। धोनी कुछ दिन पहले जामनगर में साक्षी के साथ मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी की प्री-वेडिंग सेरेमनी में देखा गया था।
IPL का मौजूदा सीजन 22 मार्च से शुरू होगा। BCCI ने लीग के पहले फेज का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस सीजन का ओपनिंग मैच डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच चेन्न्ई में खेला जाएगा।
धोनी गुजरात के खिलाफ IPL 2023 के पहले ही मैच में चोटिल हो गए थे। गुजरात की पारी के 19वें ओवर में दीपक चाहर की गेंद को रोकने के लिए धोनी ने डाइव लगाई, जिसके बाद धोनी कराहते नजर आए। उन्होंने तुरंत ही अपना पैर पकड़ लिया था। वह किसी तरह खड़े हो गए। कुछ देर धोनी परेशान नजर आए। उसके बाद उन्होंने विकेट कीपिंग जारी रखी।
धोनी की यह फोटो गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के पहले मैच की है। जब गुजरात की पारी के आखिरी ओवर में धोनी डाइव लगाने के दौरान चोटिल हो गए थे।
धोनी की IPL 2023 के फाइनल के बाद 1 जून को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में घुटने की सर्जरी हुई थी। धोनी का ऑपरेशन डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला ने किया था। वो ऋषभ पंत और टोक्यो ओलिंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा का ऑपरेशन भी कर चुके हैं।