BJP मुख्यालय में देर रात तक चली भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव कमेटी (CEC) की पहली बैठक

भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव कमेटी (CEC) की पहली बैठक दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में गुरुवार देर रात तक चली। करीब 4 घंटे चली बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत शीर्ष नेता मौजूद रहे। इसके अलावा BJP शासित राज्यों के CM भी मीटिंग में हिस्सा लेने पहुंचे।
इस बैठक के बाद पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए 17 राज्यों की 155 सीटों पर मंथन हुआ। कैंडिडेट की लिस्ट का ऐलान 1-2 दिन में किया जा सकता है। इसमें PM मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के नाम हो सकते हैं। बैठक के दौरान 2014 के लोकसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हारी हुई सीटों पर चर्चा हुई।
लोकसभा चुनाव में भाजपा सबसे ज्यादा महिला प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। बुधवार को पार्टी के कोर ग्रुप में इस पर भी सहमति बनी। बैठक में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी सहित रिकॉर्ड संख्या में महिलाओं को कहां से उतारा जाए, इस पर भी मंथन हुआ।
एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि इस बार महिला प्रत्याशियों की संख्या पिछले बार से 33% ज्यादा होगी। 2019 में 53 महिलाएं भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव में उतरी थीं। 33% ज्यादा के हिसाब से 70 महिलाओं को टिकट मिल सकता है।
इससे पहले कोर ग्रुप की बैठक में 23 राज्यों के संभावित प्रत्याशियों की सूची रखी गई। नए चेहरों पर भी चर्चा हुई।