राज्यसभा सांसद राघव चड्‌ढा और बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा आज शादी के बंधन में बंधेंगे

बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्‌ढा आज शादी कर रहे हैं। शादी की रस्में उदयपुर के द लीला पैलेस में दोपहर 1 बजे से शुरू होंगी। इस शादी में बॉलीवुड सेलेब्स समेत 4 राज्यों के मुख्यमंत्री और कई कद्दावर नेता शामिल होंगे।
परिणीति और राघव कॉलेज के दिनों से एक-दूसरे को जानते थे लेकिन रिलेशनशिप 2022 में एक पंजाबी फिल्म के सेट से शुरू हुई, जहां राघव-परिणीति से मिलने पहुंचे थे। 6 महीने पहले दोनों को एक रेस्टोरेंट के बाहर देखा गया था। तभी से दोनों की अफेयर की खबरें लाइमलाइट में रहीं।
राघव और परिणीति दोनों कॉलेज के जमाने से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों ने इंग्लैंड से पढ़ाई की। परिणीति ने मैनचेस्टर बिजनेस स्कूल से बिजनेस, फाइनेंस और इकोनॉमिक्स में ट्रिपल ऑनर्स की पढ़ाई की है। वहीं राघव लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़े हैं। परिणीति और राघव को इंग्लैंड में भारत यूके आउटस्टैंडिंग अचीवर्स अवॉर्ड से भी नवाजा गया था। इसी इवेंट में दोनों पहली बार मिले थे। यहां पर हुई मुलाकात के बाद दोनों दोस्त बन गए थे और दोस्ती जारी रही।
मगर, दोनों की लव स्टोरी 2022 में पंजाबी फिल्म चमकीला के सेट से शुरू हुई। पंजाब में जब परिणीति इस फिल्म की शूटिंग कर रही थीं, तब राघव उनसे मिलने आए थे। इस मुलाकात के बाद दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए।
इस दिन के बारे में परिणीति ने कुछ दिन पहले अपने इंस्टाग्राम पर ये पोस्ट शेयर किया था। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा था- जब हमने साथ में ब्रेकफास्ट किया तो मैं जान गई कि आखिरकार मेरी मुलाकात उस शख्स से हो गई है जिसका मुझे लंबे समय से इंतजार था। उनका सपोर्ट, ह्यूमर और दोस्ती ही असली खुशी है। वो मेरे लिए एक घर की तरह हैं, मतलब जहां सबसे ज्यादा सुकून मिले।
ये वो वीडियो है, जिसमें दोनों पहली बार एक साथ दिखाई दिए थे। इसी वीडियो के बाद से दोनों की रिलेशनशिप की खबरें आनी शुरू हुईं। दोनों एक होटल में लंच के लिए मिले थे, वहीं पर पैपराजी ने इन्हें कैमरे में कैद किया। कई लोगों के लिए ये वीडियो चौंकाने वाला था, क्योंकि उस समय तक परिणीति का नाम किसी से जुड़ा नहीं था, ना ही इस तरह की खबरें थीं।
इस वीडियो के सामने आते ही राघव मीडिया के सवालों के घेरे में आ गए थे। इस घटना के बाद राघव जब संसद से बाहर आ रहे थे, उस समय मीडिया ने उनसे परिणीति के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि आप मुझसे राजनीति के सवाल करें, परिणीति के नहीं।
राघव से जब परिणीति से शादी करने के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि- आपको बताएंगे, जब करेंगे। इस पर रिपोर्टर ने उनसे पूछा कि आप सस्पेंस क्यों क्रिएट कर रहे हैं? तो उन्होंने जवाब दिया कि कोई सस्पेंस क्रिएट नहीं कर रहा हूं, मैं जब भी शादी करूंगा, तब आपको जानकारी जरूर दूंगा।
जल्दी ही दोनों की सगाई की खबरें भी सामने आ गईं। इस बीच परिणीति और राघव एक बार फिर साथ नजर आए थे। दोनों पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स का मैच देखने के लिए मोहाली स्टेडियम पहुंचे थे।
दोनों की सगाई के 13 दिन पहले ही AAP सांसद संजीव अरोड़ा ने राघव-परिणीति की फोटो शेयर करते हुए नई शुरुआत की शुभकामनाएं दी थीं।
सुबह 11 बजे, संजीव अरोड़ा ने ट्विटर पर राघव-परिणीति की फोटो शेयर करते हुए लिखा था- मैं आप दोनों को हार्दिक बधाई देता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि दोनों का साथ, प्यार और आनंद से भरा रहे। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं।
संजीव का पोस्ट सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर यूजर्स रिएक्ट करने लगे थे। एक तरफ कई फैंस पोस्ट पर कपल को बधाई दे रहे थे, तो वहीं दूसरी तरफ यूजर्स मजेदार कमेंट कर रहे थे।
संजीव अरोड़ा के पोस्ट के बाद राघव और परिणीति ने 13 मई की शाम एक दूसरे को रिंग पहनाकर अपने रिश्ते की ऑफिशियल अनाउंसमेंट की थी। इंगेजमेंट सेरेमनी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित कपूरथला हाउस में हुई थी।
सेरेमनी में राजनीतिक और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी नामचीन हस्तियों ने शिरकत की। सेरेमनी में सबसे पहले परिणीति की कजिन प्रियंका चोपड़ा पहुंचीं। इसके बाद परिणीति के घर वालों का आना शुरू हुआ। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी सेरेमनी में शरीक हुए थे।
राघव चड्ढा ने अपनी सगाई से कुछ देर पहले एक ट्वीट किया। उन्होंने जालंधर लोकसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत पर खुशी जताई थी। उन्होंने लिखा, ‘जालंधर ने इस दिन को मेरे लिए और खास बना दिया।’
राघव चड्ढा ने कहा था, हम जैसे भी मिले, यह बहुत जादुई पल था। यह कुछ ऐसा है जिसके लिए मैं हर दिन भगवान को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने आशीर्वाद के रूप में मुझे परिणीति को दिया है। मैं बेहद खुश हूं कि वो मेरी लाइफ पार्टनर हैं। फिर से कहूंगा कि हर दिन भगवान का इस चीज के लिए शुक्रिया करता हूं।
राघव और परिणीति की शादी की तैयारियां पूरी चुकी हैं। परिणीति के नाना और नानी पहली बार उदयपुर आए हैं। उन्होंने कहा- वे इस शादी को लेकर काफी एक्साइटेड हैं। बीते शुक्रवार से खबरें सुर्खियों में हैं कि प्रियंका चोपड़ा बहन की शादी में शामिल नहीं हो पाएंगी।
शनिवार को उन्होंने इंस्टा पोस्ट के जरिए कपल को बधाई दी। इससे ये अनुमान लगाया जा रहा है कि वो इस वेडिंग में शामिल नहीं होंगी।
पिछोला झील में ही बने होटल ताज लेक पैलेस से महज 400 मीटर दूर होटल लीला में बारात बोट्स के जरिए पहुंचेगी। बताया जा रहा है कि दूल्हे की डिमांड पर खास तौर पर होटल लीला पैलेस में विटेंज कार भी मंगवाई गई है। इसे दिल्ली से आए खास फूलों से सजाया जाएगा। सूत्रों की मानें तो परिणीति ने अपने दूल्हे के लिए एक गाना भी तैयार किया है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा 24 सितंबर को आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा से शादी करने वाली हैं। दोनों की शादी की रस्में उदयपुर, राजस्थान के द लीला पैलेस में शुरू हो चुकी हैं। जहां एक तरफ लेडीज वर्सेस रिक्की बहल से बॉलीवुड डेब्यू करने वालीं परिणीति ग्लैमरस और लग्जरी जिंदगी जीती हैं, वहीं राघव चड्ढा एक मिडिल क्लास वाली आम जिंदगी जीते हैं। दोनों की उम्र में बस 25 दिनों का ही फर्क है, हालांकि कमाई, कार कलेक्शन और संपत्ति में दोनों का कोई मुकाबला नहीं है। जहां एक तरफ परिणीति 99 लाख की जैगुआर XJL गाड़ी से घूमती हैं, वहीं राघव की नेटवर्थ इसकी आधी है।