जनेश्वर मिश्र पार्क में शुरू होगा लेजर शो, पानी के परदे पर दिखेगी श्रीराम और कृष्ण लीला:

जनेश्वर मिश्र पार्क के झील के पानी पर श्रीकृष्ण और राम लीला दिखाई जाएगी। लेजर शो के माध्यम से इसका प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें भगवान विष्णु के दशावतार की कहानी दिखाई जाएगी। करीब 18 करोड़ रुपए खर्च कर वाटर स्क्रीन तैयार की गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ 15 अगस्त को इसका उद्घाटन करेंगे।

इस शो के माध्यम से पौराणिक ऐतिहासिक और विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने लेजर शो की थीम दशावतार को मंजूरी दे दी है। जनेश्वर मिश्र पार्क में इसका ट्रायल भी शुरू हो गया है। अभी इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। 500 लोग इस शो का आनंद ले सकेंगे। शाम को 35 मिनट शो चलाने की तैयारी है। आरके इंटरप्राइजेज के निदेशक शरद शारस्वत ने बताया कि जनेश्वर मिश्र पार्क की वाटर बॉडी में सबसे बड़ी वाटर स्क्रीन है।
कुल 100 मीटर की तीन स्क्रीन पर लेजर शो होगा। यूपी ही नहीं पूरे भारत में यह सबसे बड़ी स्क्रीन होगी। शरद ने बताया कि इस शो में चार से पांच मीटर ऊंचाई वाले पानी के पर्दे पर म्यूजिक, लेजर, लाइट एंड साउंड और प्रोजेक्शन के जरिए दशावतार दिखाया जाएगा। इसके लिए टिकट लगेगा। टिकट की दरें अभी तय नहीं हैं। भगवान विष्णु के अलावा रामायण, समुद्र मंथन, महाभारत, अयोध्या, काशी, मथुरा सहित यूपी के महत्वपूर्ण दृश्य को भी दिखाया जाएगा।
जनेश्वर मिश्र पार्क में मोशन चेयर थिएटर भी शुरू होने जा रहा है। वाटर बॉडी के पास ही यह थिएटर दर्शकों को जल-जंगल का महत्व बताएगा। इसमें मूवी देखते समय दर्शकों को विशेष इफेक्ट के जरिये इस तरह का आभास होगा जैसे वह घड़ियाल और मगरमच्छ के बीच में बैठे हों। दर्शक जिस कुर्सी पर बैठकर मूवी देखेंगे वह विशेष जरूरत पर 360 डिग्री तक घूम जाएगी। इस 48 सीटर 7-डी थिएटर में लोग 3-डी फिल्मों को देखने के साथ विशेष इफेक्ट देख और महसूस कर सकेंगे। यहां पर एक साथ 40 दर्शकों के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। इस थिएटर को 3.50 करोड़ रुपए से बनाया गया है।