जन स्वाभिमान दिवस समारोह में आज गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे

2 जुलाई यानी आज अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल की जयंती लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मनाई जा रही है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गृह मंत्री अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य रहेंगे।

NDA के घटक दल के हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल करेंगी।
अपना दल (एस) के प्रवक्ता राजेश श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती समारोह के अवसर पर दो जुलाई को 11 बजे लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘जन स्वाभिमान दिवस’ समारोह का आयोजन किया गया है। सुबह 11 बजे गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य भाजपा के दिग्गज आएंगे। दूसरे आयोजन में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समेत समाजवादी नेता रहेंगे।
डॉक्टर सोनेलाल पटेल ने अपना दल की स्थापना चार नवंबर 1995 को की था। इसके पहले डॉ पटेल बहुजन समाज पार्टी में प्रमुख कुर्मी नेता के रूप में स्थापित थे। 17 अक्टूबर 2009 को डॉक्टर पटेल का निधन हो गया और उसके बाद दल का नेतृत्व उनकी पत्नी कृष्णा पटेल ने संभाला। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में अपना दल ने पीस पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा और 403 सीटों में दो सीटों पर जीत मिली जिसमें अनुप्रिया पटेल भी पहली बार विधायक चुनी गयीं। इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले अपना दल का भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन हुआ और चुनाव में अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर संसदीय क्षेत्र से सांसद चुनी गयीं
अपना दल से प्रतापगढ़ में कुंवर हरिवंश सिंह भी चुनाव जीते। अनुप्रिया केंद्र में मंत्री भी बनीं लेकिन इसी बीच मां-बेटी की राजनीतिक रार जगजाहिर हो गयी। बाद में यह दो गुटों में बंट गया। अपना दल (सोनेलाल) का नेतृत्व अनुप्रिया पटेल कर रही हैं जिनकी पार्टी में उनके समेत दो सांसद हैं और राज्‍य विधानसभा और विधान परिषद में उनके दल का प्रतिनिधित्व है। अनुप्रिया का भाजपा से गठबंधन बरकरार है। जबकि अपना दल (कमेरावादी) का नेतृत्व कृष्णा पटेल के हाथों में है और उनका सपा से गठबंधन है।
पल्लवी पटेल सिराथू से सपा की विधायक हैं। पार्टी के दोनों गुटों ने भी प्रतिद्वंद्वी गुटों के साथ गठबंधन कर लिया है। पल्लवी पटेल ने 2022 के उप्र विधानसभा चुनाव में सपा उम्मीदवार के रूप में सिराथू विधानसभा सीट से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को हराया था। अनुप्रिया पटेल के पति आशीष पटेल उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।
सोनेलाल पटेल का जन्म कन्नौज जिले के ग्राम बुगलयी में एक किसान परिवार में दो जुलाई 1950 को हुआ था। उन्होंने अपने जीवन में किसानों, गरीबों व कमेरा समाज के उत्थान के लिए हमेशा संघर्ष किया। 17 अक्टूबर 2009 को एक सड़क दुर्घटना में उनका देहात हो गया था। चार नवंबर 1995 को पार्टी का गठन किया था।